राजनाथ सिंह से बुद्धेश्वर में जाम और अतिक्रमण की शिकायत, स्टेशन व वार्ड का नाम बदलने की मांग

लखनऊ, 07 जून 2026 (यूएनएस)। बुद्धेश्वर क्षेत्र की यातायात और पहचान से जुड़ी समस्याओं को लेकर बुद्धेश्वर विकास महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बुद्धेश्वर चौराहे और आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम, स्थायी अतिक्रमण तथा क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

महासभा के संरक्षक अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन बुद्धेश्वर चौराहे और आसपास के मार्गों पर अतिक्रमण तथा बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को अक्सर लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।

ज्ञापन में आलमनगर रेलवे ओवरब्रिज से उतरने के बाद पारा, राजाजीपुरम और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर दोनों तरफ हुए स्थायी अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। महासभा का कहना है कि सड़कों के संकरे होने और अतिक्रमण बढ़ने से दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “बुद्धेश्वर स्टेशन” तथा हैदरगंज वार्ड का नाम बदलकर “बुद्धेश्वर वार्ड” किए जाने की भी मांग रखी। महासभा के पदाधिकारियों ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से जुड़ा विषय बताया।

महासभा के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

इस अवसर पर मुख्य संरक्षक रामशंकर राजपूत, संरक्षक अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’, ऋषि चौरसिया, महामंत्री शिव प्रसाद पांडेय, घनश्याम पांडेय, किसान यूनियन नेता अमर सिंह लोधी सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *