मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई, कहा- युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं खिलाड़ी
लखनऊ, 06 जून (यूएनएस)। जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप-2026 में भारतीय हॉकी टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को भारतीय हॉकी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि टीम की इस शानदार सफलता ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि केतन कुशवाहा, शाहरुख अली, प्रह्लाद राजभर, राहुल यादव और रोमित पाल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और खेल कौशल से न केवल भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि उत्तर प्रदेश का गौरव भी बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, लगन और प्रतिबद्धता के बल पर हासिल की गई यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत भारतीय खेल प्रतिभा, मजबूत टीम भावना और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय हॉकी टीम भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नए कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन करती रहेगी।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी की यह स्वर्णिम यात्रा निरंतर आगे बढ़े और विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करने का विश्वास जताया।
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप-2026 में भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस सफलता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिससे प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
