अलका दास बनीं हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया की अध्यक्ष, खेल जगत में खुशी की लहर

लखनऊ, 17 मई 2026। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) में हुए चुनाव में अलका दास को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष बनने पर खेल जगत, विभिन्न खेल संघों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में रविवार को आयोजित एजीएम में यह चुनाव शेष कार्यकाल 2023-27 के लिए कराया गया। बैठक में एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के महासचिव मोहम्मद शफीक तथा इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन के पर्यवेक्षक पीतांबर तिमसिना जूम मीटिंग के माध्यम से शामिल हुए।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा आनन्देश्वर पाण्डेय ने अध्यक्ष पद के लिए अलका दास और उपाध्यक्ष पद के लिए दिल्ली की रानी तिवारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभा ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।

इस दौरान सेवानिवृत्त जिला जज दीपक कुमार श्रीवास्तव ने चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई।

हैंडबॉल के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करूंगी : अलका दास

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अलका दास ने कहा कि वह हैंडबॉल खेल को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत ढांचा तैयार करना समय की आवश्यकता है।

वहीं डा आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि अलका दास के नेतृत्व में हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया और अधिक मजबूत होगा तथा खिलाड़ियों और खेल के विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा।

एजीएम में मानस सिंह को ईस्ट जोन और कुलदीप सिंह को नॉर्थ जोन का चेयरमैन बनाया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के सचिन भारद्वाज को एचएआई एथलेटिक्स कमीशन का चेयरमैन नियुक्त किया गया।

एसोसिएशन के महासचिव डा तेजराज सिंह ने बताया कि 34 राज्य इकाइयों में से 31 राज्य इकाइयों के कुल 62 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें भारत सरकार के स्पोर्ट्स बिल और भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के निर्देशों के अनुरूप एचएआई के संविधान में संशोधन पर भी विचार किया गया।

कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड लेखा विवरण को मंजूरी दी गई और वर्ष 2026-27 की राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी का आवंटन भी किया गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *