हरभजन सिंह के ‘आप’ छोड़ने पर फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा, जालंधर में घर की दीवार पर लिखा ‘गद्दार’

जालंधर, 25 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह  के पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है। शनिवार को जालंधर में पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आया, जहां नाराज कार्यकर्ताओं ने उनके आवास की दीवार पर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध जताया।

बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ता हरभजन सिंह के घर के बाहर पहुंचे और दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘गद्दार’ लिख दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन विरोध कर रहे कार्यकर्ता अपने इरादे में सफल रहे। दीवारों पर अंग्रेजी और पंजाबी दोनों भाषाओं में ‘गद्दार’ लिखा गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि हरभजन सिंह ने राघव चड्ढा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के अन्य छह सांसदों के साथ भाजपा का दामन थामा है। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

इसी कड़ी में कार्यकर्ताओं ने Lovely Professional University के बाहर भी प्रदर्शन किया, जहां राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ नारेबाजी की गई और उनका पुतला फूंका गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने पार्टी और पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है।

प्रदर्शन के दौरान ‘पार्टी के गद्दार’ और ‘पंजाब के गद्दार’ जैसे नारे लगाए गए। साथ ही यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर लगे पोस्टरों पर काली स्याही भी पोती गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक  समेत कुल सात सांसदों का पार्टी छोड़ना जनता के जनादेश के साथ धोखा है।

इस घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में तनाव बढ़ गया है और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *