जीएसटी 2.0 के तहत व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित, व्यापारियों को दी गई कर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

सोनभद्र, 09 जून 2026। राज्य कर विभाग, खंड-2 सोनभद्र द्वारा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन उर्मौरा स्थित वैभव होटल में किया गया। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, पंजीकरण सत्यापन, नए पंजीकरण, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना तथा अन्य महत्वपूर्ण कर संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जीएसटी पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को अद्यतन रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों ने जीएसटी पोर्टल के प्रभावी उपयोग, ई-इनवॉइसिंग, रिटर्न फाइलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) तथा कर अनुपालन से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों से समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल करने और कर कानूनों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त राज्य कर खंड-2 सोनभद्र विकास कृष्ण बंसल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक), मिर्जापुर मंडल दिनेश कुमार दुबे ने व्यापारियों को जीएसटी के नवीन प्रावधानों और डिजिटल अनुपालन के प्रति जागरूक करते हुए विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने जीएसटी पोर्टल की धीमी गति तथा सचल दल से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को उठाया। वहीं अखिल भारतीय जिला उद्योग व्यापार मंडल के सलीम हुसैन और धीरेन्द्र जायसवाल ने व्यापारी कल्याण दिवस को व्यापक स्तर पर मनाए जाने की मांग की।

उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने सचल दल से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए हेल्पडेस्क स्थापित करने की मांग रखी। इस पर संयुक्त आयुक्त दिनेश कुमार दुबे ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त अजय यादव, राज्य कर अधिकारी मनीष कुमार, सोनभद्र टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र ओझा, महासचिव शिवराम सिंह, अधिवक्ता अशोक श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश यादव सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी से जुड़े नवीनतम प्रावधानों और तकनीकी सुधारों की जानकारी देना तथा कर अनुपालन के प्रति जागरूक बनाना था। उपस्थित व्यापारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की मांग की।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *