सम्पूर्ण समाधान दिवस में हंगामा, वकीलों ने एसडीएम पर अभद्रता का लगाया आरोप

लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ की बख्शी का तालाब तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जमकर हंगामा हुआ। अधिवक्ताओं और तहसील प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक के चलते करीब एक घंटे तक जनसुनवाई बाधित रही। वकीलों ने एसडीएम साहिल कुमार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए प्रशासनिक रवैये पर नाराजगी जताई।

वहीं दूसरी ओर मलिहाबाद तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ, जहां अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 709 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 167 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मलिहाबाद तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कुल 146 शिकायतें आईं, जिनमें से 58 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर समाधान के निर्देश के साथ भेजा गया।

तहसीलवार शिकायतों की बात करें तो सदर तहसील में 52 शिकायतों में 4 का निस्तारण किया गया। मलिहाबाद में 146 में से 58, बख्शी का तालाब (बीकेटी) में 169 में से 41, मोहनलालगंज में 253 में से 59 और सरोजनीनगर तहसील में 89 में से 5 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

समाधान दिवस में सबसे अधिक 350 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 108, विकास कार्यों से जुड़ी 60, समाज कल्याण की 21, स्वास्थ्य विभाग की 5 और शिक्षा विभाग की 4 शिकायतें प्राप्त हुईं। अन्य विभागों से जुड़े 159 प्रार्थना पत्र भी अधिकारियों को सौंपे गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत के समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लिया जाए और निस्तारण की फोटो व वीडियो सहित रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, एसडीएम मलिहाबाद अंकित कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *