यूपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप: पहले दिन लखनऊ का दबदबा, तीन स्वर्ण पदक जीते

लखनऊ, 24 अप्रैल 2026। राजधानी लखनऊ में आयोजित यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट और जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026 के पहले दिन मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया। लखनऊ के चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

मेजबान लखनऊ के लिए प्रियंका सिंह और श्रेष्ठ श्रीवास्तव ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते, जबकि जूनियर बालक टीम काता में भी लखनऊ ने पहला स्थान हासिल किया। इस तरह पहले ही दिन तीन गोल्ड जीतकर टीम ने बढ़त बना ली।

वहीं गौतम बुद्ध नगर ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि वाराणसी, मुजफ्फरनगर, फर्रुखाबाद, कौशांबी और आगरा के खिलाड़ियों ने एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंजी. योगेश कुमार (सेवानिवृत्त निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम) ने किया। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी उषा रानी और नेशनल बुक फेयर के संस्थापक मनोज चंदेल शामिल रहे। आयोजन कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रमुख मुकाबलों के परिणाम
कैडेट बालिका कुमिते (14-15 वर्ष, 54 किग्रा से कम) में गौतम बुद्ध नगर की दिव्या ने स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर बालिका व्यक्तिगत काता में लखनऊ की प्रियंका सिंह ने स्वर्ण हासिल किया।
कैडेट बालक व्यक्तिगत काता में लखनऊ के श्रेष्ठ श्रीवास्तव विजेता बने।
जूनियर बालक टीम काता में लखनऊ ने स्वर्ण, जबकि वाराणसी को रजत मिला।

जूनियर बालिका कुमिते (48 किग्रा से कम) में आगरा की प्रज्ञा शर्मा ने स्वर्ण जीता।
कैडेट बालक कुमिते (63 किग्रा से कम) में मुजफ्फरनगर के मोहम्मद अरहम ने बाजी मारी।
पैरा काता (के-21) में कौशांबी के संभव प्रताप सिंह ने स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर बालक कुमिते (76 किग्रा से कम) में गौतम बुद्ध नगर के दिव्यांश शर्मा विजेता रहे।

इसके अलावा विभिन्न भार वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किए।

पहले दिन के परिणामों से साफ है कि प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में मुकाबले और रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां खिलाड़ी प्रदेश की टीम में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *