लखनऊ में 3 जुलाई से सजेगा यूपी आम महोत्सव-2026, 800 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी का सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

लखनऊ में 3 जुलाई से सजेगा यूपी आम महोत्सव-2026, 800 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी का सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

लखनऊ, 02 जुलाई। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आगाज होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। 3 से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 800 से अधिक किस्मों के आम आकर्षण का केंद्र होंगे।

उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि महोत्सव में सात श्रेणियों और 56 वर्गों में 800 से अधिक आम की प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में रखे गए आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण और फल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक आम का पौधा अवश्य खरीदे और उसका रोपण करे।

उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को लखनऊ के जन भवन में आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के खरीदार, निर्यातक और उत्पादक भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य आम के निर्यात को बढ़ावा देना और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उद्यान विभागों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान तथा निर्यातक भी शामिल होंगे। बागवानों के लिए उन्नत बागवानी तकनीक, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा विपणन से संबंधित विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता, आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता, विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी, तकनीकी सत्र तथा किसानों और खरीदारों के बीच संवाद कार्यक्रम भी प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

राज्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो देश के कुल उत्पादन का 26.22 प्रतिशत है। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, लखनऊ सफेदा, रटौल, गौरजीत और आम्रपाली जैसी प्रजातियां देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का आम वर्तमान में ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस समेत कई देशों को निर्यात किया जा रहा है। आम के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं, जबकि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट टेस्टिंग एवं ट्रीटमेंट सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों को लगभग 1.50 करोड़ फल बैग वितरित किए गए हैं तथा पुराने आम के बागों के कैनोपी प्रबंधन पर 40 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *