स्मार्ट बॉर्डर परियोजना से पाक-बांग्लादेश सीमा होगी अभेद्य: अमित शाह

नयी दिल्ली, 22 मई 2026 (यूएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को घोषणा की कि केंद्र सरकार अगले वर्ष “स्मार्ट बॉर्डर” परियोजना शुरू करेगी, जिसके तहत पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगने वाली करीब 6,000 किलोमीटर लंबी सीमा को तकनीकी रूप से और अधिक सुरक्षित तथा अभेद्य बनाया जाएगा।

BSF द्वारा आयोजित वार्षिक “रुस्तमजी स्मृति व्याख्यान” को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार सीमा क्षेत्रों की जनसांख्यिकी बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी और देश में मौजूद प्रत्येक घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें बाहर भेजा जाएगा।

गृह मंत्री ने कहा कि BSF की स्थापना के 60वें वर्ष के अवसर पर यह परियोजना शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं को आधुनिक तकनीक की मदद से पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि स्मार्ट बॉर्डर परियोजना के तहत ड्रोन, रडार, स्मार्ट कैमरे और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, ताकि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों से आह्वान किया कि वे भारत की जनसंख्या संरचना को कृत्रिम रूप से बदलने की किसी भी कोशिश को विफल करें। गृह मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और असम की भाजपा सरकारें भी इस नीति पर काम कर रही हैं कि भारतीय सीमाओं से किसी प्रकार की अवैध घुसपैठ न होने पाए।

उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय जल्द ही सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेगा, ताकि समन्वय के साथ सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *