मुंबई, 1 जून 2026 (यूएनएस)। बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फीचर फिल्म महाप्रभु जगन्नाथ 10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के पहले पोस्टर को दर्शकों से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा की है। फिल्म को लेकर दर्शकों, विशेषकर बच्चों और धार्मिक-सांस्कृतिक विषयों में रुचि रखने वाले परिवारों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
रिलीज डेट की घोषणा से पहले फिल्म की टीम ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान फिल्म का आधिकारिक पोस्टर उन्हें भेंट किया गया और आगामी रिलीज के लिए शुभकामनाएं ली गईं। गुरुदेव ने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए पूरी टीम को आशीर्वाद दिया।
इस विशेष अवसर पर फिल्म का दूसरा आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। लोकप्रिय एनिमेटेड श्रृंखला जय जगन्नाथ के माध्यम से करोड़ों दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुई भगवान जगन्नाथ की कथाओं को अब बड़े पर्दे पर भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
फिल्म भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और जीवन मूल्यों पर आधारित एक पारिवारिक मनोरंजक प्रस्तुति है। अत्याधुनिक एनिमेशन तकनीक के माध्यम से इसमें भगवान जगन्नाथ से जुड़ी पौराणिक कथाओं और लोकविश्वासों को आकर्षक दृश्य शैली में दर्शाया जाएगा। फिल्म का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना है।
फिल्म के निर्माता एवं एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और क्रिएटिव हेड दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा कि श्री श्री रविशंकर का आशीर्वाद पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके महत्वाकांक्षी सनातन यूनिवर्स प्रोजेक्ट का पहला अध्याय है, जिसके माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक कथाओं को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशंस वर्ष 2008 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एनिमेशन कंटेंट का निर्माण कर रहा है और 36 से अधिक देशों के लिए परियोजनाओं पर कार्य कर चुका है। भारतीय एनिमेशन उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से कंपनी ने Cinépolis के साथ साझेदारी की है। इसके तहत फिल्म को देशभर में 300 से अधिक स्क्रीन पर हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेड़कर ने किया है, जबकि पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। संगीत अविरल कुमार ने तैयार किया है, जो फिल्म की भक्ति, भावनात्मकता और रोमांच को और प्रभावशाली बनाएगा।
भक्ति, संस्कृति, रोमांच और भावनाओं से भरपूर महाप्रभु जगन्नाथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है। दर्शकों का बढ़ता उत्साह और आध्यात्मिक आशीर्वाद के साथ यह फिल्म 10 जुलाई को अपनी भव्य सिनेमाई यात्रा शुरू करेगी।
