नोएडा में अब हालात सामान्य, श्रमिक काम पर लौटे

नोएडा, 17 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। नोएडा में हालिया हिंसा के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई है। सेक्टर-57 स्थित औद्योगिक इकाइयां फिर से खुल गई हैं और कामगार अपनी-अपनी कंपनियों में काम पर लौट रहे हैं। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती जारी है।

जांच में सामने आया है कि श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के पीछे तीन संगठनों की भूमिका संदिग्ध है, जिनमें मजदूर बिगुल दस्ता संगठन प्रमुख है। इस संगठन के प्रमुख रूपेश राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा श्रमिकों को भड़काने के आरोप में 18 अन्य लोगों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने श्रमिकों को व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से जोड़कर उन्हें हिंसा के लिए उकसाया। तीन दिनों के भीतर 80 से अधिक समूह बनाए गए, जिनमें से लगभग 50 समूहों की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। इनमें से 17 समूहों का सत्यापन किया गया, जहां हिंसा भड़काने वाले संदेश स्पष्ट रूप से साझा किए गए थे।

इन समूहों में श्रमिकों की वास्तविक मांगों जैसे वेतन वृद्धि या कार्य परिस्थितियों में सुधार को लेकर कोई चर्चा नहीं थी। इसके बजाय कर्मचारियों को उकसाने, भीड़ जुटाने और फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ करने जैसी बातें सामने आईं।

जांच में यह भी सामने आया कि मजदूर बिगुल दस्ता संगठन से जुड़े लोग औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को भड़काने का काम कर रहे थे। इस संगठन का नाम पहले हरियाणा के मानेसर में हुई औद्योगिक हिंसा में भी सामने आ चुका है और इसका नेटवर्क अन्य राज्यों में भी सक्रिय बताया जा रहा है।

पुलिस को जांच के दौरान 50 से अधिक संदिग्ध ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) खातों की जानकारी मिली है। ये खाते हिंसा से एक-दो दिन पहले बनाए गए थे और इनके जरिए भड़काऊ पोस्ट साझा किए जा रहे थे। इन पोस्टों का उद्देश्य माहौल को और अधिक उग्र बनाना था।

पुलिस ने इन खातों की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित कंपनी को आधिकारिक पत्र और ईमेल भेजे हैं, ताकि संचालकों की पहचान की जा सके। अब तक 17 व्हाट्सएप समूहों का सत्यापन किया जा चुका है और 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *