भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थकों का प्रदर्शन, सपा सांसद आरके चौधरी के आवास का घेराव

लखनऊ, 10 मई। राजेश्वर सिंह के समर्थकों ने रविवार को राजधानी लखनऊ में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरके चौधरी के आवास के बाहर धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “अखिलेश यादव मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “प्रियंका गांधी होश में आओ” जैसे नारे लगाए गए।

भाजपा विधायक के समर्थक पहले 1090 चौराहा पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने मोहनलालगंज से सांसद आरके चौधरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद समर्थकों का काफिला मुंशी पुलिया स्थित सांसद के आवास की ओर रवाना हुआ।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि आरके चौधरी ने नारी वंदन अधिनियम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की।

सांसद आवास के बाहर बड़ी संख्या में महिला समर्थक भी मौजूद रहीं। महिलाओं ने “आरके चौधरी शर्म करो” और “प्रियंका गांधी होश में आओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी करीब आधे घंटे तक तेज धूप में सड़क पर बैठे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।

वहीं दूसरी ओर आरके चौधरी अपने आवास के भीतर कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शन करने आई महिलाओं का सम्मान करते हैं और बातचीत के लिए उनका इंतजार कर रहे थे। हालांकि प्रदर्शनकारी उनसे मिले बिना ही वापस लौट गए।

घटना के दौरान इलाके में पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। प्रदर्शन के बाद समर्थक वापस सरोजनी नगर की ओर लौट गए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *