12 साल की उपलब्धियां गिनाकर बोले पीएम मोदी, गरीब कल्याण रहा सरकार की नीतियों का केंद्र

नई दिल्ली, 08 जून 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने व्यापक परिवर्तन देखे हैं और इन बदलावों के केंद्र में गरीबों तथा वंचित वर्गों का कल्याण रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि उनकी सरकार की कार्यशैली हमेशा ‘अंत्योदय’ की भावना से प्रेरित रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि विकास का लाभ समाज के उन वर्गों तक पहुंचे जो लंबे समय तक मुख्यधारा से दूर रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में कई ऐसी योजनाएं लागू की गईं, जिन्होंने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। उन्होंने विशेष रूप से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों का उद्देश्य लोगों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा है।

उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की दिशा में प्रौद्योगिकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीबीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंची है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। इसके परिणामस्वरूप शासन व्यवस्था में लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्यकुशलता बढ़ी है और लाभार्थियों तक सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंची है। उन्होंने इसे विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मोदी ने कहा कि गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की यह यात्रा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान बन चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश सामूहिक प्रयासों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इससे पहले उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार और 30 मई 2019 को दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *