भीषण गर्मी में बिजली संकट पर विपक्ष हमलावर, मायावती-अखिलेश ने सरकार को घेरा

लखनऊ, 22 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली कटौती को लेकर विपक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला तेज कर दिया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

बसपा प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में गर्मी के इस मौसम में बिजली की कमी और लगातार कटौती से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारी और मेहनतकश लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं।

मायावती ने कहा कि जनता विभिन्न माध्यमों से अपना आक्रोश जता रही है और मीडिया में भी बिजली संकट लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि बिजली आपूर्ति की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही भविष्य में स्थिति सुधारने के लिए नए पावर प्लांट स्थापित करने और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम किया जाए।

वहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि बिजली के नए संयंत्र लगाना सरकार के बस की बात नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “3×660 सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट” का नाम ही बोल देते तो गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिल जाती।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बिजली की मांग और बिजली के दाम तो लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन आपूर्ति नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश की स्थिति खस्ताहाल हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। कई जिलों से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की शिकायतें सामने आ रही हैं। बढ़ती बिजली मांग के बीच ट्रांसफॉर्मर फुंकने और ओवरलोडिंग की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिसके चलते विपक्ष सरकार को लगातार घेर रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *