विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशभर में होंगे विशेष आयोजन : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 4 जून, 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर ५ जून को विश्व पर्यावरण दिवस तथा २१ जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक जनसहभागिता के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि इन्हें पर्यावरण संरक्षण, जनजागरण तथा सामाजिक सहभागिता के प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उनके निर्देशों के अनुपालन में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस पर अमृत सरोवरों के आसपास वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा पर्यावरणीय जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देने वाली अन्य गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि २१ जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों, स्वयं सहायता समूहों, पद्म सम्मान प्राप्त विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, युवा संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों को इन कार्यक्रमों से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

श्री मौर्य ने कहा कि इन अवसरों पर ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा ग्रामीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी संकल्प को साकार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने में अमृत सरोवरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को नई गति प्राप्त होगी तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जिम्मेदारी और अधिक सुदृढ़ होगी।

ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त जी.एस. प्रियदर्शी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि आयोजित कार्यक्रमों के छायाचित्र एवं गतिविधियों का विवरण मिशन अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा कार्यक्रम सम्पन्न होने के दो दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *