5 से 7 जून तक लखनऊ दौरे पर रहेंगे राजनाथ, आमजन से सीधा संवाद करेंगे

लखनऊ,04 जून 2026 (यूएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 5 से 7 जून तक अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान अखिलेश यादव के छोटे भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास जाएंगे। सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क से जुड़े कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। विभिन्न परिवारों, पार्टी पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात करेंगे।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, रक्षा मंत्री 5 जून को सुबह 11.05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह हिंद नगर में अशोक मोतियानी, कृष्णा नगर में दर्शन लाल और कैंट क्षेत्र में रूपा देवी के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इन दोनों लोगों का हाल में ही निधन हुआ है। दोपहर 12.15 बजे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास जाएंगे। उनके पति प्रतीक यादव की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। वहां से कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर पहुंचेंगे।रक्षा मंत्री शाम 4 बजे दिलकुशा लॉन में आयोजित बायोयुग ग्रीन कमांड कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम 5.25 बजे सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल में आयोजित राम कथा महोत्सव में शामिल होंगे।

दौरे के दूसरे दिन 6 जून को राजनाथ सिंह गोमतीनगर स्थित प्रशांत सिंह अटल के आवास और निराला नगर में भगवती शुक्ला के परिवार से मुलाकात करेंगे। शाम 6 बजे हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में पश्चिम मंडल-2 के प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद व बैठक करेंगे। 7 जून को अपने दौरे के अंतिम दिन रक्षा मंत्री आलमबाग स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में कैंट मंडल-1 के प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के बाद दोपहर 1.10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। राजनाथ सिंह के इस दौरे को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान वह विभिन्न सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से जुड़ेंगे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *