स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आने वाले समय में हम और नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे : ए.के. शर्मा

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत देशभर में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों के आधार पर उत्तर प्रदेश ने शीर्ष तीन राज्यों की श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस श्रेणी में गुजरात प्रथम स्थान पर रहा। यह उपलब्धि प्रदेश में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम मानी जा रही है।

पीएम सूर्य घर पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन

जनपद स्तर पर सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के मामले में राजधानी लखनऊ ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। लखनऊ में कुल 1,02,596 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे नागपुर में 89,255 संयंत्र स्थापित हुए। यह उपलब्धि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के तेजी से बढ़ते विस्तार को दर्शाती है।

राज्यवार उच्च उपभोक्ता आधार श्रेणी में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना तथा अधिकतम विक्रेता पंजीकरण जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में भी प्रदेश शीर्ष स्थान पर रहा।

इस अवसर पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इन उपलब्धियों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

श्री शर्मा ने प्रदेश के अधिकारियों, नोएडा क्षेत्र, विक्रेताओं तथा योजना के लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार भविष्य में भी सौर ऊर्जा के विस्तार और इसके व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल प्रदूषणमुक्त विद्युत उपलब्ध कराती है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सौर ऊर्जा क्रांति का अग्रदूत बनकर उभरा है। प्रदेशवासियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से प्राप्त यह उपलब्धि आने वाले समय में और बड़े कीर्तिमानों का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *