लखनऊ, 10 जून 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी नेतृत्व की कामना करते हुए मंदिरों में पूजा-पाठ किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया।
राज्यसभा सांसद बृजलाल इमली बांध बाबा मंदिर पहुंचे और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व की निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिल्ली स्थित शुभ सिद्धि विनायक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा, मंडल अध्यक्ष रोहित मल्होत्रा, मंडल महामंत्री धर्मेंद्र धामा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()

भाजपा लखनऊ महानगर की ओर से भी प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की उपस्थिति में पूजा-अर्चना हुई। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के निराला नगर स्थित हनुमान मंदिर में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सहभागिता की।
इंदिरानगर स्थित भूतनाथ मंदिर में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, आलमबाग के मौनी बाबा मंदिर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह, सरोजनीनगर के महाकालेश्वर महादेव मंदिर में एमएलसी रामचंद्र प्रधान तथा सदर क्षेत्र के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पूजा-अर्चना की।
मध्य विधानसभा क्षेत्र के याहियागंज स्थित छाछी कुआं परिसर में शाम को राज्यसभा सांसद बृजलाल की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।
इस अवसर पर विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
