Read Now News Read Now News Hindi Samachar
E-Magazine Admin

ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने साइकिल से अदालत पहुंचे न्यायिक अधिकारी

लखनऊ, 31 मई 2026। ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को लखनऊ के न्यायिक अधिकारियों ने एक अनूठी पहल की। जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

शनिवार सुबह डालीबाग स्थित सेशंस हाउस से सभी न्यायिक अधिकारी साइकिलों पर सवार होकर न्यायालय के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ पर्यावरण, ईंधन बचत और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के सीमित होते भंडार को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस पहल को नियमित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय आएंगे। वहीं जो अधिकारी साइकिल नहीं चला सकते, वे बैटरी चालित रिक्शा का उपयोग करेंगे।

मलखान सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल ईंधन की बचत करना नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।

न्यायिक अधिकारियों की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। इससे आम लोगों को भी निजी वाहनों के बजाय साइकिल और अन्य पर्यावरण हितैषी साधनों के उपयोग के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *