एलयू में फीस वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन, कटोरा लेकर मांगी भीख

लखनऊ, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए कटोरा लेकर भीख मांगी और जुटाई गई राशि विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपने का प्रयास किया।

गेट नंबर एक के पास अचानक शुरू हुए इस प्रदर्शन ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। भीख मांगते छात्रों को देखकर अन्य विद्यार्थी भी हैरान रह गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हंगामे की सूचना पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख गुस्साए छात्र गेट के बीचोंबीच धरने पर बैठ गए, जिससे कैंपस का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि भारी-भरकम फीस लेने के बावजूद विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उनका कहना है कि छात्रों को दूषित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। छात्रों के मुताबिक, पानी का टीडीएस स्तर 702 पाया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले एसएफआई ने भी फीस वृद्धि को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए इसे वापस लेने की मांग की थी। अब छात्रों के इस विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *