कॉलेज प्रशासन पर तानाशाही रवैया के विरोध में मेडिकल छात्रों ने कानपुर रोड जाम किया

लखनऊ,08 जुलाई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के जुनाबगंज स्थित प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्रों ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कानपुर रोड की कानपुर से लखनऊ आने वाली पटरी जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र कॉलेज प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने और उनकी स्वतंत्र आवाजाही पर अवैध प्रतिबंध लगाने का आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने हमें चाहिए आजादी के नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि पिछले लगभग तीन सप्ताह से उन्हें संस्थान परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। केवल रविवार को ही पूर्व अनुमति के बाद चार घंटे के लिए बाहर जाने की छूट मिलती है। इस दौरान वॉइस चांसलर एवं पूर्व प्रिंसिपल शैलेश यादव से एसीपी अभिषेक कुमार पाण्डेय और थाना प्रभारी से तीखी नोक झोंक भी हुई।

छात्रों ने परिसर में आवश्यक सुविधाओं की कमी का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद हॉस्टल में कूलर और एसी की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े पाए गए हैं। छात्रों ने बताया कि परिसर में स्टेशनरी की दुकान तक नहीं है, जिससे पेन जैसी सामान्य वस्तु खरीदने के लिए भी बाहर जाना पड़ता है, लेकिन इसकी अनुमति नहीं मिलती।

उनका यह भी आरोप था कि आपात स्थिति या वैध ट्रेन टिकट होने पर भी छात्रों को कैंपस छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाती। परिसर में जिम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं और रात 10 बजे के बाद कैंटीन बंद हो जाती है। छात्रों ने मांग की है कि उन्हें पहले की तरह परिसर से स्वतंत्र रूप से बाहर आने-जाने की अनुमति दी जाए और प्रबंधन के कथित प्रतिबंधात्मक नियम तत्काल समाप्त किए जाएं। सूचना मिलने पर बंथरा पुलिस और कृष्णानगर एसीपी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

संस्थान के अध्यक्ष बीपी यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर बाहर निकलने वाले लोगों को रोक दिया और कहा कि इस गेट से कोई नहीं जा सकता, दूसरे गेट का इस्तेमाल करें। इससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडे और प्रसाद मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन बीपी यादव मौके पर पहुंचे।

दोनों ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को अपना मांगपत्र भी सौंपा। छात्रों का कहना था कि पहले उन्हें शाम 4 बजे से 8 बजे तक हॉस्टल से बाहर जाने की अनुमति थी, लेकिन हाल ही में कॉलेज प्रबंधन ने इस पर रोक लगा दी। इसी प्रतिबंध को हटाने की मांग को लेकर वे धरने पर बैठे थे।

बातचीत के बाद चेयरमैन बीपी यादव ने छात्रों को आश्वासन दिया कि फिलहाल इस नियम को स्थगित (सस्पेंड) किया जा रहा है और पहले की तरह छात्र-छात्राएं निर्धारित समय में हॉस्टल से बाहर आ-जा सकेंगे। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने सड़क जाम और धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद सभी छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर के अंदर लौट गए।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *