यूपी समेत कई राज्यों में बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल

लखनऊ, 29 मई (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में भी नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा की है।

उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिन जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, उनमें अम्बेडकरनगर में दिलीप देव पटेल, वाराणसी में राम सकल पटेल, चंदौली में काशीनाथ सिंह, गोरखपुर महानगर में रमेश प्रसाद गुप्ता तथा देवरिया में काली प्रसाद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों की पूरी सूची भी जारी कर सकते हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी नई टीम के गठन में जुटी हुई है। संगठनात्मक बैठकों में क्षेत्रीय इकाइयों और विभिन्न मोर्चों में अति पिछड़ा, गैर-यादव पिछड़ा और अगड़ा वर्ग के बीच संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया गया है। माना जा रहा है कि नई टीम में 40 से 50 प्रतिशत तक नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी महीने में भी पार्टी ने शामली, अमरोहा, सहारनपुर, बागपत, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गोंडा, अयोध्या और मीरजापुर समेत कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की थीं। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार बदलाव कर रही है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में भी नए चेहरे

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में भी नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, केंद्रीय मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं पंजाब में पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा हरियाणा में पार्टी ने महिला नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए अर्चना गुप्ता को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार आगामी चुनावों और बदलते सामाजिक समीकरणों को देखते हुए भाजपा का यह संगठनात्मक फेरबदल काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *