राज्य सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप: लखनऊ मंडल ने जीता कांस्य पदक

अयोध्या में आयोजित राज्य सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में लखनऊ मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। कप्तान सौम्या श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने क्वार्टर फाइनल में कानपुर को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि सेमीफाइनल में मेजबान अयोध्या से हार का सामना करना पड़ा।

लखनऊ, 29 जुलाई 2026। लखनऊ मंडल की सीनियर महिला हैंडबॉल टीम ने अयोध्या में गत 27 से 29 जुलाई, 2026 तक आयोजित राज्य सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल को मेजबान अयोध्या के हाथों 20-12 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सौम्या श्रीवास्तव की कप्तानी में खेल रही लखनऊ ने अपने अभियान की शुरुआत आजमगढ़ के खिलाफ 5-5 की बराबरी के साथ की।

इसके बाद लखनऊ ने मेरठ को 9-5 से और प्रयागराज को 14-11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में लखनऊ ने कानपुर को 14-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल की लड़कियों ने कड़ा मुकाबला किया लेकिन अयोध्या की खिलाड़ियों ने 20-12 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही लखनऊ मंडल को चैंपियनशिप में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ आनन्देश्वर पाण्डेय और कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने लखनऊ मंडल टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

वहीं लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने टीम के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद के मार्गदर्शन की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल प्रशिक्षण और रणनीति का टीम के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लखनऊ टीम :-
सौम्या श्रीवास्तव (कप्तान), प्रिया, शिवानी, शिवानी भारती, सुकृति, उरप्रीत, माही शर्मा, अनुषा, सखी, निशा, लक्ष्मी, डॉली।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *