सनातन और कॉरिडोर राजनीति के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा: अलंकार अग्निहोत्री

सनातन के नाम पर लूट और कॉरिडोर की राजनीति: अलंकार अग्निहोत्री

बलरामपुर, 08 जून 2026 (यूएनएस)। पूर्व पीसीएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि धर्म और राष्ट्रवाद के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है तथा धार्मिक आस्था का राजनीतिक लाभ उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की आड़ में दिखावटी विकास और राजनीतिक एजेंडे को बढ़ावा दिया जा रहा है।

यूजीसी कानून के विरोध में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि देश के मंदिरों, मठों और श्रद्धालुओं की आस्था का उपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चंदे को लेकर उठे विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप था कि सनातन व्यवस्था के नाम पर धार्मिक संस्थाओं और संसाधनों का दोहन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वयं को सनातन धर्म का संरक्षक बताने वाले लोग काशी, अयोध्या, वृंदावन और मथुरा जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों की मूल आध्यात्मिक पहचान को सुरक्षित रखने के बजाय कॉरिडोर और भौतिक विकास परियोजनाओं पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। उनके अनुसार, तीर्थस्थलों की आत्मा और सांस्कृतिक स्वरूप को संरक्षित करने की बजाय दिखावटी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

अलंकार अग्निहोत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि बड़े टेंडरों में फर्जी दस्तावेजों और उप-ठेकेदारी के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रभावशाली समूह सार्वजनिक संसाधनों पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।

टोल टैक्स व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता से भारी शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इससे आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

अपने संबोधन में उन्होंने “काक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी)” का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि यह संगठन भाजपा की “सी टीम” के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सत्ताधारी दल इस संगठन की आलोचना करता है, वहीं दूसरी ओर उसके कार्यक्रमों और धरना-प्रदर्शनों को अनुमति भी दी जाती है।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने संकेत दिया कि समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर लगभग 270 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *