पटना हिंसा प्रकरण : खान सर सोमवार को करेंगे आत्मसमर्पण, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में दर्ज है मामला

पटना, 06 जून (यूएनएस)। पटना के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) के संस्थापक खान सर कोचिंग संस्थान में हुई हिंसा और कथित फायरिंग के मामले में सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। पहले शनिवार को उनके सरेंडर की चर्चा थी, लेकिन अब मिली जानकारी के अनुसार वह सोमवार को अदालत के समक्ष प्रस्तुत होंगे।

मामले को लेकर पटना सिविल कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस सतर्क है। पुलिस की टीम सादी वर्दी में भी तैनात की गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक खान सर की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

कोचिंग संस्थान में कथित फायरिंग और हिंसा के मामले में पुलिस कर रही जांच, दो सुरक्षा गार्ड पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस मामले में उनसे पूछताछ करना चाहती है और पिछले कुछ दिनों से उनकी तलाश कर रही थी। आरोप है कि कोचिंग संस्थान में हुए विवाद के दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा फायरिंग की गई थी।

पुलिस इस मामले में पहले ही खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो और प्रारंभिक जांच के आधार पर सुरक्षा गार्ड प्रदीप और तालेश्वर से पूछताछ की गई थी। जांच एजेंसी का दावा है कि दोनों ने घटना के दौरान गोली चलाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनके हथियार जब्त कर लिए गए।

इसी मामले में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के अलावा हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शुक्रवार रात पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए खान ग्लोबल स्टडीज परिसर पहुंची थी, लेकिन उस समय वह वहां मौजूद नहीं मिले। पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में छात्र संस्थान के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और छात्रों को परिसर तथा आसपास के क्षेत्र से हटाया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यह पूरा मामला 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है। आरोप है कि कुछ लोगों ने संस्थान में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इसी दौरान सुरक्षा गार्डों द्वारा राइफलों से कई राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है। पुलिस इस विवाद को पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई के दृष्टिकोण से भी देख रही है। जांच के बाद पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपियों में शामिल करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून के दायरे में आने वाले किसी भी व्यक्ति को जांच से छूट नहीं दी जाएगी।

अब सभी की निगाहें सोमवार को संभावित आत्मसमर्पण और उसके बाद की न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं। पुलिस और अदालत की आगामी कार्रवाई इस चर्चित मामले की दिशा तय करेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *