Read Now News Read Now News Hindi Samachar
E-Magazine Admin

अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर सुखा देगी : अखिलेश यादव

लखनऊ, 27 मई 2026 (यूएनएस)। अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को “अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए राज्य में बिजली संकट और सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “अगले चुनाव में जनता भाजपा को अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”

बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री और सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि “शुक्र है कि उत्तर प्रदेश के असफल मुख्यमंत्री जी ने यह नहीं कहा कि इस महा विद्युत आपदा के पीछे दिल्लीवालों के भेजे हुए दूत की साजिश है।”

उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने पूछा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या उन्हें बुलाया ही नहीं जाता। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा कि यदि बिजली मंत्री बैठकों में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके कंधे पर हाथ रखकर एक तस्वीर सार्वजनिक कर दें, ताकि जनता को यह भरोसा हो सके कि दोनों के बीच तालमेल है।

अखिलेश यादव ने कहा, “जनता ने आप दोनों को कभी एक साथ नहीं देखा। आपकी आपसी गर्मी से ही जनता को कुछ राहत मिल जाएगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हालात इतने खराब हैं कि बिजली उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक और सांसद भी जनता के गुस्से से बचने के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में असफल साबित हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *