मुंबई, 26 मई 2026 (यूएनएस)। विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर बड़े पर्दे पर बड़ा प्रयोग करने जा रहे हैं। द केरल स्टोरी जैसी चर्चित और सफल फिल्म देने के बाद अब वह अक्षय कुमार के साथ मिलकर भारत की पहली प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म “समुक” लेकर आ रहे हैं। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन इसके भव्य पैमाने और तकनीकी स्तर को लेकर किए गए खुलासों ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अपनी आगामी फिल्म “गवर्नर” के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में विपुल शाह ने “समुक” को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के अब तक के स्थापित नियमों को तोड़ने वाली होगी। विपुल शाह ने कहा कि भारत में आज तक इस तरह की प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म नहीं बनी है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक के साथ तैयार किया जा रहा है।
अक्षय कुमार के साथ भारत की पहली प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर ‘समुक’ पर काम शुरू, हॉलीवुड विशेषज्ञ भी जुड़े
उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए हॉलीवुड के बड़े तकनीकी विशेषज्ञों को जोड़ा गया है। हॉलीवुड की चर्चित प्रीडेटर फिल्मों से जुड़े प्रसिद्ध क्रिएचर डिजाइनर एलेक गिलिस फिल्म के एलियन जीव को डिजाइन कर रहे हैं। वहीं Venom से जुड़े अभिनेता-निर्देशक ल्यूक फिल्म के एक्शन दृश्यों का निर्देशन करेंगे।
विपुल शाह ने अक्षय कुमार के साथ अपनी साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों हमेशा नए और अलग विषयों पर काम करने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन “समुक” अब तक का सबसे अनोखा और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि फिल्म को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जा रहा है, जैसा भारतीय दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा।
उन्होंने बताया कि फिल्म की टीम ने यह तय किया था कि जब तक उन्हें पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी गुणवत्ता नहीं मिलेगी, तब तक शूटिंग शुरू नहीं की जाएगी। फिल्म के निर्देशक कनिष्क वर्मा ने हॉलीवुड तकनीशियनों के साथ मिलकर एलियन क्रिएचर और एक्शन दृश्यों को वास्तविक और प्रभावशाली बनाने के लिए लंबे समय तक काम किया है।
विपुल शाह ने विश्वास जताया कि “समुक” भारतीय सिनेमा के लिए एक नया अनुभव साबित होगी और दर्शकों को हॉलीवुड स्तर का रोमांच देगी।
इधर, विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी दूसरी फिल्म “गवर्नर” का ट्रेलर भी रिलीज के साथ चर्चा में आ गया है। यह फिल्म 1990 के दशक में भारत के बड़े आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक सख्त और प्रभावशाली गवर्नर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
“गवर्नर” का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि आशिन ए. शाह इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल शाह ने मिलकर लिखी है। फिल्म के गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।
यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
