BREAKING

पुलिस हिरासत से रिहा हुए राहुल, प्रियंका और अखिलेश; बोले- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा, छात्रों की मांगों पर हो चर्चा यूपी सरकार का बड़ा फैसला, सेवा में कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी की राह साफ पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का अचानक धरना, राहुल गांधी-खड़गे समेत शीर्ष नेतृत्व हिरासत में; संसद से सड़क तक सियासी टकराव तेज योगी सरकार की नई पहल: प्राविधिक शिक्षा विभाग और अडानी स्किल्स के बीच एमओयू, पॉलीटेक्निक बनेंगे ‘इंडस्ट्री रेडी टैलेंट हब’ योगी सरकार का बड़ा कदम: युवाओं के रोजगार के लिए केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल लॉन्च, छात्र-उद्योग एक मंच पर आएंगे

5 से 21 जून तक श्रमिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और योग जागरूकता का विशेष अभियान चलाएगा श्रम विभाग: अनिल राजभर

लखनऊ, 02 जून (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा है कि प्रदेश में ‘12 साल विश्वास के, विकास के’ जनकल्याण अभियान के तहत 5 जून से 21 जून 2026 तक श्रमिकों, असंगठित कर्मकारों और युवाओं के लिए व्यापक जागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का प्रभावी, समयबद्ध और जनसहभागिता आधारित संचालन सुनिश्चित किया जाए।

मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य श्रमिकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और योग को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अधिक से अधिक श्रमिक और पात्र लाभार्थी योजनाओं से जुड़ सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को विभाग के सभी कार्यालयों, अटल आवासीय विद्यालयों, विहान विद्यालयों तथा कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) अस्पतालों एवं डिस्पेंसरियों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया जाए। साथ ही परिसरों को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

मंत्री ने कहा कि 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर श्रम संहिताओं, श्रमिक कल्याण योजनाओं और कर्मचारी राज्य बीमा योजना की सुविधाओं के बारे में व्यापक जागरूकता फैलाई जाए। इस दौरान संवाद, संगोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक संख्या में ईएसआई योजना से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि इसी अवधि में जनकल्याण मेले और शिविर आयोजित कर श्रमिकों और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बाल एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन, बाल श्रम मुक्त मिशन-2027, रोजगार संगम पोर्टल, सेवामित्र योजना, विदेशों में रोजगार के अवसर तथा श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

अनिल राजभर ने कहा कि 17 से 20 जून तक जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रदर्शनियों में श्रम विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जाए, ताकि आमजन विभाग की गतिविधियों और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर विभाग के सभी कार्यालयों, ईएसआई अस्पतालों, अटल आवासीय विद्यालयों, विहान विद्यालयों तथा औद्योगिक इकाइयों में कार्य प्रारंभ होने से पूर्व 45 मिनट से एक घंटे तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि योग को जनआंदोलन का रूप देने के लिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक के अंत में मंत्री अनिल राजभर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अभियान को जनहित में सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में श्रम एवं सेवायोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अपर श्रमायुक्त, निदेशक सेवायोजन, निदेशक कर्मचारी राज्य बीमा योजना तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *