राजधानी से हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना, भावुक विदाई में छलके आंसू

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित हज कमेटी ऑफ इंडिया के मोहम्मद अली मियां हज हाउस से बुधवार को हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 427 यात्री शामिल हैं।

अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद और धर्मगुरुओं ने हरी और भगवा झंडी दिखाकर बस को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार हज यात्रा में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ट्रैक कर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि हज यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें। भीषण गर्मी को देखते हुए लखनऊ हज हाउस से लेकर मक्का और मदीना तक स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हज की तैयारियों के तहत उत्तर प्रदेश हज कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी कर चुका है।

हज यात्रियों की फ्लाइट दोपहर 2:20 बजे उड़ान भरेगी। यात्रियों को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में उनके परिजन हज हाउस पहुंचे। इस दौरान कई परिवार भावुक हो उठे—बच्चे और परिजन अपने प्रियजनों को विदा करते हुए फूट-फूटकर रोते नजर आए।

कानपुर से पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी भी अपने चार भाइयों को हज यात्रा के लिए विदा करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका पासपोर्ट निलंबित होने के कारण वे स्वयं हज पर नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने अपने भाइयों से मक्का में दुआ करने की अपील की कि उनका पासपोर्ट बहाल हो जाए और उन्हें भी हज यात्रा का अवसर मिल सके।

भावनाओं से भरे इस माहौल के बीच हज यात्रियों का पहला जत्था पवित्र यात्रा के लिए रवाना हो गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *