लखनऊ, 08 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा से विधानसभा स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर एक अनूठा संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन पेट्रोलियम ईंधन रहित अथवा न्यूनतम ईंधन खपत वाले परिवहन साधनों का उपयोग करने का आह्वान किया।
सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी देशों में जारी अस्थिरता के बीच ऊर्जा संरक्षण तथा पेट्रोलियम ईंधनों की बचत पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ईंधन की खपत कम करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं वैकल्पिक परिवहन साधनों को अपनाने का आह्वान कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वह अपने सरकारी आवास से विधानसभा कार्यालय तक ई-रिक्शा से पहुंचे और वापसी में भी इसी साधन का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है।
वित्त मंत्री ने कहा कि छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल, ई-रिक्शा, सार्वजनिक परिवहन और अन्य वैकल्पिक साधनों को प्राथमिकता देकर न केवल पेट्रोलियम ईंधनों की बचत की जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय हित में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक माह से वह अपने इस संकल्प को लगातार निभा रहे हैं। इस दौरान कभी साइकिल तो कभी ई-रिक्शा का उपयोग कर उन्होंने आमजन को ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में एक दिन भी ईंधन की खपत कम करने का प्रयास करे तो यह राष्ट्रहित में एक बड़ा योगदान साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
