फार्मर रजिस्ट्री बिना भी सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेच सकेंगे किसान: सीएम योगी

लखनऊ, 21 अप्रैल 2026। योगी आदित्यनाथ ने गेहूं खरीद को लेकर किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अब किसान बिना “फार्मर रजिस्ट्री” के भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकेंगे। इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाए। अब किसान पहले की तरह सीधे क्रय केंद्रों पर जाकर अपनी उपज बेच सकेंगे।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, पंखे, छाया (छाजन) और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को इंतजार के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक 42 हजार से अधिक किसानों से 2.38 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं, 4.77 लाख से अधिक किसान पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं।

राज्य भर में अब तक 5400 से अधिक सरकारी क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां किसान अपनी फसल बेच सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के मिल सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *