प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आस्था व अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा उत्तर प्रदेश : योगी

लखनऊ, 10 जून 2026 (यूएनएस)। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरे कर नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले जनसेवक बन गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं देते हुए एक पत्र प्रेषित किया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा, “राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष के सफलतम कार्यकाल पर आपको समस्त प्रदेशवासियों की ओर से अनंत शुभकामनाएं।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा है। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार जैसे ऐतिहासिक कार्यों के साथ-साथ “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र ने देश के विकास को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास प्रदान किया है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से करीब 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन रोजगार के तहत नौ लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है, जबकि कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 25 लाख युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। दिल्ली-मेरठ 12 लेन द्रुतगति मार्ग, नमो भारत रेल सेवा, देश का पहला अंतर्देशीय जलमार्ग, पूर्वी एवं पश्चिमी समर्पित मालवाहक गलियारा तथा वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं ने प्रदेश की संपर्क व्यवस्था को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपनी विश्वस्तरीय द्रुतगति मार्ग श्रृंखला के कारण देशभर में “द्रुतगति मार्ग प्रदेश” के रूप में स्थापित हो चुका है। स्मार्ट सिटी मिशन, आधुनिक हवाई अड्डों, मेट्रो परियोजनाओं, माल परिवहन नेटवर्क और औद्योगिक गलियारों के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की है।

पत्र में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश आज माफिया मुक्त, दंगा-मुक्त और भयमुक्त वातावरण की पहचान बना चुका है। व्यापारी, निवेशक, मातृशक्ति और उद्योगपति स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल वातावरण ने उत्तर प्रदेश को देश के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। प्रति व्यक्ति आय में भी लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है तथा बेरोजगारी दर लगभग 18 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत के स्तर पर आ गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है और विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *