लखनऊ, 21 जून 2026 (यूएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरा उत्तर प्रदेश योगमय नजर आया। प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर लोगों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपराओं से परिचित कराया गया।
राजभवन (जनभवन) के लॉन में प्रातः छह बजे आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” रखी गई है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में स्वास्थ्य और सक्रियता बनाए रखने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किले में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में सहभागिता की और प्रदेशवासियों को निरोग एवं अनुशासित जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। आज योग पूरी दुनिया में भारत की पहचान बन चुका है और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।
मुरादाबाद के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी राजेन्द्र पेंसिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राजधानी लखनऊ में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के कारण आज दुनिया के 170 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य और वैश्विक कल्याण का संकल्प है। भारत की आयुर्वेद और योग परंपरा आज विश्व को नई दिशा प्रदान कर रही है।
मैनपुरी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपरा और ऋषि-मुनियों की विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने में योग दिवस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज 200 से अधिक देशों में योग का अभ्यास किया जा रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
बदायूं में मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि योग को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में प्रधानमंत्री की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 165 देशों में योग दिवस मनाया गया था और इस वर्ष इसमें और वृद्धि हुई है।
प्रयागराज में संगम तट की रेत पर योग को समर्पित आकर्षक रेत कला बनाई गई। कलाकारों ने विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को योग करते हुए दर्शाया और योग के सार्वभौमिक संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
मिर्जापुर में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष सिंह पटेल ने कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ बुढ़ापा” अत्यंत प्रासंगिक है। योग व्यक्ति को बढ़ती आयु में भी शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय बनाए रखने में सहायक है।
महाराजगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है और आज विश्वभर में करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं।
गाजियाबाद में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि योग जीवन को संतुलित, स्वस्थ और अनुशासित बनाता है। इससे व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और मानसिक शक्ति में वृद्धि होती है।
लखनऊ के राजाजीपुरम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और जीवन-दर्शन का अमूल्य उपहार है। यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को सकारात्मक और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करता है।
प्रदेशभर में ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी संस्थानों और सामाजिक संगठनों द्वारा योग शिविर आयोजित किए गए। योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के कोने-कोने में लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन का संकल्प लिया।
