दूषित मानसिकता वालों ने बुंदेलखंड को बदनाम किया, अब विकास और पर्यटन की नई पहचान बनेगा क्षेत्र : मुख्यमंत्री योगी

दूषित मानसिकता वालों ने बुंदेलखंड को किया था बदनाम : मुख्यमंत्री योगी

महोबा/लखनऊ, 21 जून 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महोबा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के बीच समन्वय स्थापित करने का माध्यम है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क, स्वस्थ मस्तिष्क से स्वस्थ बुद्धि और स्वस्थ बुद्धि से स्वस्थ आत्मा का निर्माण होता है। स्वस्थ आत्मा ही लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अवैध कब्जे करते हैं, समाज में नकारात्मकता फैलाते हैं और विकास में बाधा उत्पन्न करते हैं, उनकी आत्मा मलिन और मन दूषित होता है। ऐसी बीमार मानसिकता वाले लोगों ने वर्षों तक प्रदेश को पीछे धकेला और बुंदेलखंड की छवि को बदनाम किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महोबा में 697 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में महोबा के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे देश में भव्यता के साथ मनाया गया। उन्होंने बताया कि झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई किले में आयोजित योग कार्यक्रम में उन्हें भी शामिल होने का अवसर मिला। प्रदेश की 57 हजार ग्राम पंचायतों, 825 विकास खंडों, 350 तहसीलों, 75 जनपदों और 762 नगर निकायों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने महोबा की आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और वीर परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली गोरखगिरि प्रदेश के महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। उन्होंने बताया कि 12-13 वर्षों बाद उन्हें गोरखगिरि पर्वत पर चढ़ने का अवसर मिला, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ और गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए।

महोबा में 697 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
महोबा में 697 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

उन्होंने घोषणा की कि गोरखगिरि को एडवेंचर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां रोपवे का निर्माण कराया जाएगा तथा महोबा महोत्सव से पूर्व स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की साहसिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होटल, रेस्तरां और अन्य सुविधाओं के विकास पर भी कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आल्हा-ऊदल की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और शौर्य की भावना विकसित करने के लिए अखाड़ों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोबा केवल वीरों की भूमि ही नहीं, बल्कि ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की भूमि भी है। यहां से निकलने वाला ग्रेनाइट देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

उन्होंने चंदेल राजाओं द्वारा जल संरक्षण के लिए बनाए गए तालाबों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र सदियों से लोककल्याण की परंपरा का वाहक रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने महोबा के प्रसिद्ध दशावरी पान को भू-चिह्नित पहचान दिलाकर वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक लंबित रही अर्जुन सहायक परियोजना को उनकी सरकार ने मिशन मोड में पूरा कराया और वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यहां की खराब संपर्क व्यवस्था, अवैध खनन, वन संपदा पर कब्जे और भूमाफियाओं का प्रभाव देखकर आश्चर्यचकित रह गए थे।

उन्होंने कहा कि पहले बुंदेलखंड की महिलाएं पानी के लिए मीलों दूर तक घड़े ढोने को मजबूर थीं, लेकिन अब हर घर जल योजना के माध्यम से पेयजल पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने माफियाओं पर कठोर कार्रवाई कर उन्हें समाप्त करने का कार्य किया और बुंदेलखंड को एक्सप्रेसवे जैसी आधुनिक संपर्क सुविधाओं से जोड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड का जवान देश की सीमाओं की रक्षा करता है और इसी क्षेत्र में निर्मित रक्षा उपकरण दुश्मनों को चुनौती देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज नए भारत के नए प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। एक समय था जब प्रदेश में माफियाओं का आतंक था और व्यापारी तथा बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, लेकिन आज कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि रतौली बांध, बावनी बांध, कचनौदा बांध तथा चिल्ली स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजना जैसी योजनाओं को पूरा किया जा रहा है। साथ ही गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, पेंशन, कन्या शिक्षा सहायता और सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से व्यापक लाभ प्रदान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है तथा सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में प्रशासन भी सहभागी बन रहा है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में अपार संभावनाएं हैं और सुरक्षा तथा सुशासन के वातावरण में इन संभावनाओं को नई दिशा दी जाएगी। महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को विकास के नए आयामों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महोबा एक बार फिर विकास की नई बुलंदियों को छुएगा और अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ विश्व पटल पर विशेष स्थान बनाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *