केरल में ईडी छापेमारी के बाद बवाल, पिनाराई विजयन के घर के बाहर हंगामा, अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव

तिरुवनंतपुरम, 27 मई 2026 (यूएनएस)। केरल में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद बुधवार को भारी हंगामा हो गया। सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनकी गाड़ियों पर पथराव और तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मामले में ईडी ने केरल के 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसी क्रम में तिरुवनंतपुरम स्थित पिनाराई विजयन के आवास पर भी जांच की गई। छापेमारी समाप्त होने के बाद जैसे ही ईडी अधिकारी बाहर निकले, वहां मौजूद सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने ईडी के काफिले को रोकने की कोशिश की और अधिकारियों की तीन गाड़ियों पर पथराव कर नुकसान पहुंचाया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। काफी मशक्कत के बाद ईडी अधिकारियों का काफिला वहां से निकल सका।

घटना के बाद पिनाराई विजयन ने मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईडी लंबे समय से उनके घर पर छापा मारना चाहती थी। विजयन ने कहा कि इस कार्रवाई से कुछ लोगों को खास संतोष मिलेगा, खासकर राहुल गांधी जैसे नेताओं को, जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान सवाल उठाया था कि उनके घर पर छापा क्यों नहीं पड़ रहा और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। विजयन ने कहा कि कांग्रेस का रवैया भी ऐसा है कि वह अपनी पार्टी को छोड़ बाकी दलों के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का समर्थन करती दिखाई देती है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से उनकी पार्टी को कमजोर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जब-जब राजनीतिक विरोधियों ने उन पर हमला करने की कोशिश की, पार्टी कार्यकर्ता मजबूती से उनके साथ खड़े रहे हैं। विजयन ने दावा किया कि आज की घटना ने यह साबित कर दिया कि पार्टी का समर्थन अब भी उनके साथ मजबूती से बना हुआ है और सीपीआई(एम) हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *