₹66.40 करोड़ के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन का 19 जुलाई को लोकार्पण, ‘Promise vs Delivery’ मॉडल बना यूपी के विकास की पहचान: डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का ‘Promise vs Delivery’ मॉडल विकास की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने ₹66.40 करोड़ की लागत से बने उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नए भवन के लोकार्पण को प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

लखनऊ, 18 जुलाई। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गोमतीनगर विस्तार में ₹66.40 करोड़ की लागत से निर्मित उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के नवीन भवन के लोकार्पण को प्रदेश की आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक आधुनिक, सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने इस अवसर पर सरोजनीनगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ रही है।

डॉ. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जून 2023 को इस भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया था और अब रिकॉर्ड समय में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद 19 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के हाथों ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सरकार के ‘Promise vs Delivery’ मॉडल का सशक्त उदाहरण है, जिसमें केवल घोषणाएं ही नहीं बल्कि समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकार्पण समारोह में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, प्रमुख सचिव राजस्व अर्पणा यू., राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस.पी. गोयल, उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य विधि विज्ञान संस्थान, विदेशी भाषा विश्वविद्यालय और अशोक लेलैंड फैक्ट्री के बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का नया भवन सरोजनीनगर की पहचान को और मजबूत करेगा। इसके अलावा एनसीडीसी जैतीखेड़ा, आईटीआई नीवा और लतीफनगर गर्ल्स डिग्री कॉलेज जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को सशक्त बनाने और संस्थागत क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। नया राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और ‘सुरक्षित एवं सक्षम उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई मजबूती देगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं का पूरा होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार अपने वादों को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “शिलान्यास से लोकार्पण और वादे से परिणाम तक—यही हमारा ‘Promise vs Delivery’ मॉडल है और यही विकसित सरोजनीनगर के निर्माण का संकल्प है।”

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *