ट्राई के जागरूकता अभियान में टेलीकॉम टैरिफ, साइबर सुरक्षा और उपभोक्ता अधिकारों की दी गई जानकारी

बदायूं में टैरिफ-बिलिंग और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, उपभोक्ताओं को बताए अधिकार और सुरक्षा उपाय

बदायूं, 03 जुलाई। विकास खंड इस्लामनगर में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई), भारत सरकार के सहयोग से सिटीजन डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट द्वारा टेलीकॉम एवं ब्रॉडकास्टिंग में टैरिफ, बिलिंग, उपभोक्ता संरक्षण और विकल्पों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, कॉल ड्रॉप, ऑनलाइन ठगी और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ एवं भारतीय मानक ब्यूरो से जुड़े विकास सिंह, ज्योति मौर्या और शालिनी ने साइबर अपराध, अनधिकृत कॉल, ब्रॉडकास्टिंग टैरिफ एवं बिलिंग व्यवस्था, ऑनलाइन धोखाधड़ी और उपभोक्ता अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और अनजान फाइलों से सतर्क रहने की सलाह दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि ट्राई स्पैम और अनधिकृत कॉल पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है और अब तक लगभग 21 लाख से अधिक मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों को किसी भी साइबर धोखाधड़ी या संदिग्ध कॉल की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, स्पैम कॉल के लिए 1909 तथा ‘संचार साथी’ पोर्टल के ‘चक्षु (Chakshu)’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से दर्ज कराने की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि समय पर की गई शिकायतें टेलीकॉम कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में मदद करती हैं, जिससे आम नागरिक खुद को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रख सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर डिजिटल सुरक्षा और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *