लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश की सुदृढ़ वित्तीय व्यवस्था, पारदर्शी कर प्रशासन और प्रभावी राजस्व प्रबंधन के चलते प्रमुख कर एवं करेत्तर राजस्व मदों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि जून 2026 में राज्य के प्रमुख कर एवं गैर-कर राजस्व में पिछले वर्ष की तुलना में 1,568 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
शुक्रवार को जारी बयान में वित्त मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में प्रमुख कर राजस्व मदों से 60,825.60 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो निर्धारित लक्ष्य का 73.4 प्रतिशत है। राज्य कर मद में 50,499.71 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 31,928.64 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। आबकारी विभाग ने 16,500 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 15,812.21 करोड़ रुपये अर्जित कर 95.8 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया, जबकि परिवहन विभाग ने 3,635.84 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 3,667.98 करोड़ रुपये की वसूली कर 100.9 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि जून 2026 में प्रमुख कर एवं करेत्तर राजस्व मदों से कुल 19,551 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 17,983 करोड़ रुपये था। इस प्रकार एक वर्ष में 1,568 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राजस्व वृद्धि दर्ज की गई।
वित्त मंत्री के अनुसार, जून 2026 में जीएसटी से 7,279 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो जून 2025 की तुलना में 633 करोड़ रुपये अधिक है। इसी अवधि में वैट से 3,197 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो पिछले वर्ष से 146 करोड़ रुपये अधिक रही। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों के विस्तार और कर अनुपालन में सुधार का संकेत है।
उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग ने जून 2026 में 5,174 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 716 करोड़ रुपये अधिक है। परिवहन विभाग से 1,123 करोड़ रुपये की आय हुई, जो 293 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्शाती है। वहीं भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग से 428 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 96 करोड़ रुपये अधिक है। हालांकि स्टाम्प एवं निबंधन मद से जून 2026 में 2,350 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो जून 2025 की तुलना में 316 करोड़ रुपये कम रही।
सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग राजस्व संग्रह को और सुदृढ़ बनाने, कर प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने तथा तकनीक आधारित व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
