प्रचंड गर्मी का कहर: प्रयागराज 44.4°C के साथ देश में दूसरा सबसे गर्म, 40 जिलों में लू का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्से लू और गर्म हवाओं की चपेट में रहे। प्रयागराज 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा और देश में दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 40 जिलों में लू (हीट वेव) की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में “वार्म नाइट” की स्थिति रहने का अनुमान है, यानी रात में भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लू से अस्थायी राहत मिल सकती है।

तापमान का हाल
प्रयागराज के बाद सुल्तानपुर 43.8°C के साथ दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। वहीं फर्रुखाबाद में न्यूनतम तापमान 28°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश की सबसे गर्म रातों में शामिल रहा।

इन जिलों में लू का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन व हमीरपुर।

वार्म नाइट की चेतावनी वाले जिले
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल और बदायूं।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। फिलहाल अगले दो-तीन दिन प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि 26 अप्रैल के बाद मौसम में हल्का बदलाव राहत दे सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *