एडीएम कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस,90 साल पुराने स्कूल का ताला नहीं खुला

लखनऊ,10 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी के नरही स्थित करीब 90 साल पुराने विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल को लेकर चल रहे विवाद में एडीएम (नगर पूर्वी) कोर्ट के आदेश के बावजूद बुधवार को स्कूल का ताला नहीं खुल सका। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा एसीपी को पत्र भेजे जाने के बाद भी हजरतगंज थाने की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को भीषण गर्मी में घंटों स्कूल के बाहर इंतजार करना पड़ा।

एडीएम (नगर पूर्वी) की अदालत ने 8 जून को पारित अंतरिम आदेश में नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल का ताला खुलवाने और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए थे। अदालत ने अपने पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए छात्रों के हित को देखते हुए विद्यालय को तत्काल प्रभाव से संचालित कराने पर जोर दिया।

कोर्ट के आदेश के अनुपालन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने मंगलवार को संबंधित एसीपी को पत्र भेजा, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे कोर्ट के आदेश के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय का ताला नहीं खुलने के कारण शिक्षक, छात्राएं और उनके अभिभावक घंटों तक भीषण गर्मी में स्कूल परिसर के बाहर इंतजार करते रहे। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब स्कूल परिसर का कब्जा दिलाने का मामला सामने आया था, तब पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अब एडीएम कोर्ट के नए आदेश के बाद स्कूल खुलवाने में लेटलतीफी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कब्जा दिलाने के बाद स्कूल परिसर के अंदर तोड़फोड़ की गई थी, जिसमें कंप्यूटर और शिक्षा से जुड़ी अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई थी।

इससे स्कूल के संचालन पर भी असर पड़ा है। नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल एक पुराना शैक्षणिक संस्थान है और इसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एडीएम कोर्ट के ताजा आदेश के बावजूद स्थानीय पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *