पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची आज होगी जारी, नौ अंकों का नया वोटर नंबर लागू

लखनऊ, 10 जून (यूएनएस)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच बहुप्रतीक्षित अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन के बाद सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी। उस सूची में करीब 1.81 करोड़ नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे, जबकि 1.41 करोड़ नाम हटाए गए थे। इसके परिणामस्वरूप पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में लगभग 40.19 लाख मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई थी।

अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद आयोग ने दावे और आपत्तियां आमंत्रित की थीं। इस दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया गया। इसी वजह से अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तिथि पांच बार बढ़ाई गई थी।

आयोग के अनुसार अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और सूची के प्रकाशन में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी। इस बार मतदाताओं को नौ अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर भी आवंटित किया गया है, जिससे मतदाताओं की पहचान और चुनावी प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी हो सकेगी।

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना और चुनाव कार्यक्रम को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है। राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की नजर अब आयोग की अगली घोषणा पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद आयोग जल्द ही पंचायत चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *