विधान भवन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के कार्यालय के एसी में लगी आग, बड़ा हादसा टला

लखनऊ, 15 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विधान भवन में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रथम तल पर स्थित उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कार्यालय कक्ष में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़की।

आग की सूचना मिलते ही विधान भवन परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की सहायता से तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद सुरक्षा अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में बिजली के तारों में ओवरहीटिंग अथवा शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और न ही किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज या सरकारी रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचा है। एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से की विद्युत आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई।

विधान भवन जैसे अति संवेदनशील परिसर में आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा और विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *