नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों का टैम्पो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो महिलाओं की मौत, 27 घायल

नैनीताल, 18 जून 2026 (यूएनएस)। नैनीताल से मेरठ लौट रहे पर्यटकों से भरा एक टैम्पो ट्रैवलर बुधवार देर रात कालाढूंगी-खुर्पाताल मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 8:08 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि कालाढूंगी से लगभग चार किलोमीटर पहले खुर्पाताल रोड पर यूपी-15 एफटी-6795 नंबर का फोर्स टैम्पो ट्रैवलर सड़क से करीब 20 से 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर रवाना की गईं।

कोतवाली कालाढूंगी पुलिस, एसडीआरएफ जवानों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक सहित कुल 29 लोग सवार थे। टीमों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने मेरठ निवासी शहनाज (32 वर्ष) पत्नी नफीस तथा नाजरीन (30 वर्ष) पत्नी शाकिर को मृत घोषित कर दिया। दोनों महिलाएं मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र की निवासी थीं और परिवार के साथ नैनीताल घूमने आई थीं।

हादसे में बच्चों समेत 27 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पुरुष, महिलाएं और कई नाबालिग बच्चे शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। वाहन चालक से भी पूछताछ की जाएगी और तकनीकी जांच के बाद हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई थी। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *