राम मंदिर दान घोटाले पर संजय सिंह का हमला, चंपत राय समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर की मांग

लखनऊ/अयोध्या, 18 जून 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित दान राशि घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभु श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान की राशि में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।

संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने अयोध्या के राम जन्मभूमि थाने में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर भेजकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े कई तथ्य, कथित सीसीटीवी साक्ष्य, हिरासत में लिए गए लोगों के बयान और बरामदगी की चर्चाएं सामने आने के बावजूद जांच एजेंसियों की कार्रवाई संतोषजनक नहीं दिख रही है।

​प्रभु श्री राम के दान पात्र और चढ़ावे में सैकड़ों करोड़ की चोरी, लेकिन ‘ED पार्टी’ (भाजपा) के राज में एक भी गिरफ्तारी नहीं

आप सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच एजेंसियां तेजी से सक्रिय हो जाती हैं, लेकिन भगवान राम के नाम पर आए चंदे में कथित गड़बड़ियों के मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट को तत्काल भंग करने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो संबंधित पदाधिकारियों को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने वर्ष 2021 में सामने आए कथित भूमि खरीद विवाद का भी उल्लेख किया और कहा कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न भूमि सौदों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो लोग इस मामले पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें ‘रामद्रोही’ कहकर निशाना बनाया जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि मंदिर आंदोलन से जुड़े कई संत, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा से जुड़े कुछ लोग भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप उठा चुके हैं। ऐसे में सवाल उठाने वालों को कटघरे में खड़ा करने के बजाय आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान संजय सिंह ने यह भी मांग की कि दान राशि, जमीन खरीद और मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन से जुड़े सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।

इस अवसर पर उन्होंने आम आदमी पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी की पांच चरणों की पदयात्राएं पूरी हो चुकी हैं और अब छठे चरण की पदयात्रा 16 अगस्त से 23 अगस्त तक पूर्वांचल क्षेत्र में निकाली जाएगी। यह यात्रा आजमगढ़ से शुरू होकर शाहगंज होते हुए जौनपुर तक पहुंचेगी।

संजय सिंह ने कहा कि पदयात्रा के दौरान युवाओं के रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, सामाजिक न्याय, आरक्षण और पिछड़े-दलित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास करेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *