बुलंदशहर, 26 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की जांच में रिश्तों को शर्मसार करने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि दवा कारोबारी मोमिन उर्फ मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की हत्या कथित अवैध संबंधों के शक में की थी।
पुलिस के अनुसार, मुबीन और सना का निकाह 14 फरवरी 2025 को हुआ था। शुरुआती सात महीने तक सब सामान्य रहा, लेकिन सितंबर 2025 के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान मुबीन के पिता रियाजुद्दीन और बहू सना के बीच कथित नजदीकियां बढ़ गईं। जांच में दोनों के बीच व्हाट्सएप चैट और वॉयस मैसेज मिलने की बात सामने आई है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि मुबीन की मां किस्वर को सबसे पहले इस संबंध पर शक हुआ था। उन्होंने बेटे को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया। अक्टूबर 2025 में ससुर और बहू को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद मुबीन ने पत्नी सना को मायके भेज दिया था और तलाक की चेतावनी दी थी। हालांकि बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया और सना वापस ससुराल आ गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुबीन ने व्हाट्सएप वेब के जरिए पत्नी का अकाउंट अपने लैपटॉप से जोड़ रखा था और वह सना तथा रियाजुद्दीन के बीच होने वाली बातचीत पढ़ता रहता था। बताया गया कि दोनों के बीच नियमित रूप से वॉयस मैसेज भी साझा किए जाते थे।
घटना रविवार दोपहर की है। पुलिस के मुताबिक, परिवार में एक बार फिर विवाद बढ़ गया था। मुबीन ने पत्नी के मायके वालों को भी घर बुला लिया था। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और रियाजुद्दीन व सना को समझाने की कोशिश की गई। पंचायत के दौरान मुबीन ने अपने पिता से मारपीट भी की थी, जिसे लोगों ने शांत कराया।
रिश्तेदारों के जाने के बाद घर में फिर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान मुबीन ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से पहले रियाजुद्दीन के सीने में गोली मारी और फिर पत्नी सना के सिर में गोली मार दी। रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सना को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी मुबीन ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मुबीन की मां किस्वर ने पुलिस को बताया कि सना को महंगे कपड़े और गहनों का शौक था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका कहना है कि परिवार के टूटने के डर और बच्चों की चिंता में उन्होंने लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी।
घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सना ने 10 मई को एक बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम अब्बास रखा गया था। महज 14 दिन के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि पिता अब हत्या के आरोप में जेल जाएगा।
रियाजुद्दीन के पिता मकबूल ने कहा कि परिवार में कुछ दिन पहले तक खुशी का माहौल था और बकरीद की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गम और बदनामी दे दी।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
