अजान के समय भजन बजाने के विवाद में संत की हत्या, मुख्य आरोपित के घर चला बुलडोजर

उन्नाव/लखनऊ, 11 जून 2026 (यूएनएस)। उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में संत मिलन दास की हत्या के मामले में पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपित सभासद अतीक के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है।

बताया गया कि 9 जून की दोपहर 45 वर्षीय संत मिलन दास पर धारदार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब वह बांगरमऊ क्षेत्र में एक अहाते में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए और लोगों को डराते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संत को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि संत मिलन दास अपनी भूमि पर मंदिर का निर्माण करा रहे थे। मंदिर के निकट स्थित मस्जिद के पास अजान के समय लाउडस्पीकर पर भजन बजाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में इसराइल, लल्ली, यामीन, शानू, शफी समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अब तक तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। आक्रोशित लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपित अतीक के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, हत्या की घटना अतीक के अहाते में हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *