पटना। बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद हुए पहले उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल ने बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल करते हुए भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार विधान परिषद सीट पर जीत दर्ज की है। आरजेडी प्रत्याशी सोनू राय ने एनडीए समर्थित कन्हैया प्रसाद को 350 से अधिक मतों से हराकर सीट अपने नाम कर ली।
यह सीट पहले जनता दल यूनाइटेड के पास थी। यहां से जेडीयू के राधाचरण साह एमएलसी थे, लेकिन विधायक बनने के बाद सीट खाली हो गई थी, जिस पर उपचुनाव कराया गया। जेडीयू ने इस चुनाव में राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन पार्टी सीट बचाने में नाकाम रही।
उपचुनाव में जीत के बाद तेजस्वी यादव ने इसे जनता का बड़ा संदेश बताया। उन्होंने दावा किया कि यदि सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं तो भाजपा और एनडीए कहीं नहीं टिक पाएंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा, “भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में आरजेडी की भारी जीत हुई है। यह चुनाव बैलेट पेपर से हुआ और परिणाम सबके सामने है। अगर विधानसभा चुनाव भी बैलेट पेपर से होते, तो महागठबंधन को 150 से ज्यादा सीटें मिलतीं।”
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मशीनों के जरिए “छल-कपट” किया जाता है। तेजस्वी ने कहा कि ईवीएम से मतदान के बावजूद मतगणना देर रात तक चलती है, ऐसे में बैलेट पेपर से चुनाव कराने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
आरजेडी की इस जीत को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह उपचुनाव एनडीए सरकार के गठन के बाद पहला बड़ा चुनावी मुकाबला था। वहीं, जेडीयू के लिए इसे राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी अपनी परंपरागत सीट बचाने में सफल नहीं हो सकी।
