रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा का प्रतीक : योगी आदित्यनाथ

जयपुर। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि रानी पद्मिनी का बलिदान महिलाओं की गरिमा और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की वीरांगनाओं द्वारा किया गया ऐतिहासिक जौहर साहस, आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प की अद्वितीय मिसाल है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्तौड़गढ़ किला परिसर में आयोजित जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब भी मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ की वीरता का इतिहास याद किया जाता है, तो वीर योद्धाओं के साथ-साथ वीरांगनाओं के बलिदान की गाथाएं भी सामने आती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतने की नीति अपनाई गई है और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा, “पहले कई जगहों पर लड़कियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज रिश्तेदारों के घर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे अपने घर से ही पांच से दस किलोमीटर दूर स्थित स्कूलों तक सुरक्षित आ-जा सकती हैं।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बेटियां और बहनें रात की शिफ्ट में भी दफ्तरों और फैक्टरियों में काम कर रही हैं और सुरक्षित घर लौट रही हैं, जो राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों की प्रेरणा राजस्थान की वीरता और परंपराओं से भी मिली है, विशेष रूप से मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ की गौरवशाली विरासत से।

मुख्यमंत्री ने मेवाड़ की महिलाओं के जौहर और मीरा बाई की भक्ति परंपरा को याद करते हुए कहा कि ऐसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पूरे देश को प्रेरित करती है।

कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ ने जौहर स्थल पर जाकर वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और कालिका माता मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इसके बाद उन्होंने जालोर पहुंचकर सिरे मंदिर में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने श्री शांतिनाथ आदर्श विद्या मंदिर के विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और परिसर में अशोक का पौधा भी लगाया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद लुंबराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *