बैरकपुर। नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में आयोजित ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्राचीन समृद्ध दौर में अंग, बंग और कलिंग क्षेत्र भारत की ताकत के प्रमुख केंद्र थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन क्षेत्रों को मजबूत बनाना ही विकसित भारत की दिशा में अहम कदम होगा।
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के लोग उन्हें परिवार की तरह अपनाते हैं। उन्होंने घोषणा की कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद वह भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए फिर बंगाल आएंगे।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बैरकपुर की ऐतिहासिक भूमिका को भी याद किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान 1857 का स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और आज भी परिवर्तन की नई ऊर्जा का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे को भुला दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और किसानों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है, जबकि सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार ने हालात को बिगाड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव केवल पश्चिम बंगाल का नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के भविष्य को तय करने वाला है। “टीएमसी के पास विकास का कोई ठोस रोडमैप नहीं है। हमें उसे हराना होगा और जनता जनार्दन का राज स्थापित करना होगा,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि बंगाल की सेवा करना उनका कर्तव्य है और वह इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से भाजपा आगे बढ़ रही है और अनुच्छेद 370 का निरस्तीकरण भी उनके संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।
