असम में 12 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। राज्य की नव निर्वाचित सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

रवि कोटा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए पुलिस महानिदेशक के साथ व्यापक बैठक की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आयोजन स्थल की तैयारी, प्रोटोकॉल और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि समारोह के सुचारू संचालन और निर्धारित प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का अनुरोध किया है।

भाजपा ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक और नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विधायक दल की बैठक 10 मई को होने की संभावना है, जिसमें नए नेता का औपचारिक चुनाव किया जाएगा।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर शानदार बहुमत हासिल किया। भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर विजय प्राप्त की, जबकि सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और असम गण परिषद ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की।

लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी को भाजपा और राजग के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य में विकास, बुनियादी ढांचे और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर जनता ने सरकार के कामकाज पर भरोसा जताया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *